मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सीएमओ को सौंपा पत्र, शासन स्तर तक मांगें पहुंचाने की मांग

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जनपद में कार्यरत एएनएम कर्मियों का 21 सितंबर से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना जारी है। बुधवार को एएनएम कर्मियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र सौंपकर उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए मामला शासन स्तर तक पहुंचाने की मांग की।

एएनएम कर्मियों ने आरोप लगाया कि धरने के दौरान उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उन्हें धरना स्थल से हटाने का प्रयास किया गया। इससे कर्मियों में आक्रोश और असंतोष है। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रही हैं। मांगों पर उचित निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।
एएनएम कर्मियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण, अधिकतम आयु सीमा समाप्त कर एएनएम पद के लिए निर्धारित आयु सीमा लागू करना, क्षेत्रीय एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ देना तथा एएनएम नर्सिंग कर्मियों का इसी जनपद में स्थानांतरण सुनिश्चित करना शामिल है।

कर्मियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मांग की कि पांचों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनकी समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाया जाए।

इस दौरान नीलू भास्कर, विद्यावती, संगीता, प्रेमलता, आकांक्षा, गुड़िया, ज्योति, बबीता, खुशबू, संजू, आरती, प्रमिला, रीना, गीता, कुमारी सीमा, चंद्रकला, सपना सहित काफी संख्या में एएनएम कर्मी मौजूद रहीं।
