संवाददाता@अमिताभ मिश्रा……

स्थानीय बस स्टैंड पर रविवार रात हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पिपरी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चौबे ने बताया कि वाराणसी के बच्छाव, रोहनिया निवासी प्रदीप कुमार पाल ने तहरीर देकर बताया कि उनके बड़े भाई संदीप कुमार पाल (36 वर्ष) कंपोजिट विद्यालय पनारी में अनुदेशक के पद पर कार्यरत थे।

उनकी पत्नी बसंती हिंडालको अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं और दोनों हिंडालको कॉलोनी में निवास करते थे। तहरीर के अनुसार, रविवार रात संदीप कुमार पाल पान खाने के लिए रेणुकूट बस स्टैंड गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद अजय पांडे पुत्र नरेंद्र पांडे, निवासी पांडेपुर, चकिया, बिरनो (जनपद गाजीपुर), हाल पता वार्ड संख्या-8, शिवा पार्क, से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अजय पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर संदीप कुमार पाल पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी दाहिनी आंख के पास सिर में गहरी चोट लगने से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल हिंडालको अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
वाराणसी में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश चौबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी अजय पांडे तथा कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है l






