मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार देर रात थाना रॉबर्ट्सगंज में नगर सर्किल के अर्दली रूम में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें रॉबर्ट्सगंज और चोपन थानों में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, वाचक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पर्वत समेत दोनों थानों के प्रभारी निरीक्षक, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों और प्रार्थना पत्रों का समय से और सही तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। महिला और बालिकाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से चलाने को कहा।

साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान ऑनलाइन ठगी की शिकायत मिलते ही कार्रवाई करने और पीड़ितों की ठगी गई रकम को होल्ड या फ्रीज कराने के प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया गया।

आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन समेत अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और वारंटों की तामीला कराने को कहा गया। रात में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों व वाहनों की चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन व संवेदनशीलता के साथ काम कर जनता का भरोसा बनाए रखने को कहा।

