मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..रॉबर्ट्सगंज में कथा का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किया गुरु वाणी का श्रवण

रॉबर्ट्सगंज के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में रविवार को सद्गगुरु रविदास कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार पहुंचे और गुरु रविदास की वाणी का श्रवण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे कथा का कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

मुख्य कथावाचक आचार्य श्री महंत भारत भूषण दास जी महाराज, पीठाधीश्वर श्री गुरु रविदास जन्म स्थान गुरुधाम मंदिर, सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी ने सद्गगुरु रविदास के जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सद्गुरु रविदास ने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त कर मानवता को सबसे ऊपर रखने का संदेश दिया। उनकी वाणी आज भी समाज को प्रेम, एकता और सद्भाव की राह दिखाती है।

कथा के दौरान “एकै माटी के सभ भांडे, सभ को एको सिरजनहारा…” का उल्लेख करते हुए बताया गया कि सभी मनुष्य एक ही सृष्टिकर्ता की रचना हैं। इसलिए जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को महत्व देना चाहिए। गुरु रविदास की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने से समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत होगी।

कार्यक्रम की आयोजक आदर्श नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्ष रूबी प्रसाद रहीं। डा. योगेश्वर प्रसाद और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हीरालाल सायन सह संयोजक तथा रामधारी संजीवइवा संयोजक रहे।

कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, अरुण कुमार सिंह, विनोद जालान, पुष्पा सिंह, प्रमिला त्रिपाठी, राकेश भारती, डा. दिनेश कुमार भारती, हीरावती देवी, अनवर अली, भैयालाल कन्नौजिया समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया। आयोजकों ने गुरु प्रेमियों से सद्गुरु रविदास के विचारों को जीवन में अपनाने और समाज में सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।

