Last Updated:
Haseen Jahan Ex Wife of Md Shami: टीम इंडिया तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी की हाल ही में मुलाकात हुई है. इस बीच शमी की पत्नी हसीन जहां ने राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने न्यूज 18 इंडिया से फोन पर बातचीत में कहा कि अगर शमी या उनका कोई भाई चुनाव लड़ता है, तो वह उनके खिलाफ मैदान में उतरेंगी. टिकट न मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी.
हसीन जहां ने शमी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है.
Haseen Jahan News: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद से ही उनके राजनीतिक पिच पर उतरने के कयास जोर पकड़ने लगे हैं. इस मुलाकात की तस्वीर खुद जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की थी. इन सबके बीच, मोहम्मद शमी की पूर्व पत्नी हसीन जहां ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने न्यूज18 इंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि शमी या उनके भाई कहीं से भी लड़ें मैं उनके खिलाफ चुनाव लड़ूंगी.
न्यूज 18 इंडिया के साथ एक एक्सक्लूसिव फोन बातचीत में हसीन जहां ने बेबाकी से कहा कि वह आगामी चुनाव निश्चित तौर पर लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि वह फिलहाल इस बात पर नजर रख रही हैं कि मोहम्मद शमी कहां से चुनावी मैदान में उतरते हैं. हसीन जहां ने दो टूक शब्दों में कहा कि सामने खुद क्रिकेटर मोहम्मद शमी हों या उनके भाई, वह दोनों में से किसी के भी खिलाफ विरोध में चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. यदि किसी राजनीतिक दल से उन्हें टिकट नहीं मिलता है, तो वह किसी भी दल की मोहताज न बनकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोकेंगी.
कई राजनीतिक दलों के संपर्क में होने का दावा
हसीन जहां ने दावा किया है कि वह चुनावी समर में उतरने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के संपर्क में हैं. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शमी के भाई की खुद चुनाव लड़ने की इतनी हैसियत नहीं है, इसके पीछे निश्चित रूप से मोहम्मद शमी का ही समर्थन होगा. इसलिए शमी जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वह उनके सामने डटकर मुकाबला करेंगी. इस बातचीत के दौरान हसीन जहां ने मोहम्मद शमी पर तीखे जुबानी हमले भी किए, जिससे यह संभावित मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है.
सियासी गलियारों में गरमाया माहौल
मोहम्मद शमी की जयंत चौधरी से मुलाकात और उसके तुरंत बाद हसीन जहां के इस राजनीतिक ऐलान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया भूचाल ला दिया है. हालांकि अभी तक मोहम्मद शमी या रालोद की ओर से उनके चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन हसीन जहां के इस बयान ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी है. अब देखना यह होगा कि क्या वाकई शमी क्रिकेट पिच के बाद सियासी पिच पर उतरते हैं और क्या हसीन जहां उनके खिलाफ आमने-सामने की चुनावी जंग लड़ती हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
