Last Updated:
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के मंच पर कॉमेडियन कपिल शर्मा ने गोवा और फेनी के बहाने अजय देवगन की खिंचाई करने की कोशिश की, तो बॉलीवुड के ‘सिंघम’ ने मिनटों में पासा पलट दिया. फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के प्रमोशन के दौरान अजय देवगन ने मुस्कुराते हुए कपिल के अतीत से जुड़े विवाद को लेकर ऐसा मजेदार जवाब दिया कि हर कोई दंग रह गया. अजय ने हंसते हुए याद दिलाया कि फेनी की वजह से एक बार उनकी जिंदगी में कितना बवाल मच चुका है, जिसे सुनकर सेट पर ठहाके गूंज उठे.
अजय देवगन ने ले लिए कपिल शर्मा के मजे. (फोटो साभार: यूट्यूब ग्रैब)
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार अजय देवगन इन दिनों अपनी अपनी मच-अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर चर्चा बने हुए हैं. इस मूवी के प्रमोशन के लिए वह स्टारकास्ट के साथ ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के सीजन 5 में पहुंचे. इस दौरान कपिल शर्मा ने गोवा और फेनी के बहाने अजय देवगन के मजे लेने की कोशिश की, लेकिन एक्टर ने मजेदार जवाब देकर पूरी बाजी ही पलट दी. चलिए आपको पूरा मामला बताते हैं.
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के मंच पर जब कपिल शर्मा ने अजय देवगन को गोवा के बहाने घेरने की कोशिश की, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पासा उल्टा पड़ जाएगा. बातचीत के दौरान कपिल ने याद दिलाया कि ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ से लेकर ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी तक, अजय देवगन की ज्यादातर सुपरहिट फिल्मों की शूटिंग गोवा की हसीन वादियों में ही हुई है. यहां तक कि उनकी फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर भी गोवा में ही लॉन्च किया गया था.
कपिल शर्मा पर भारी पड़ा अजय देवगन की टांग खींचना
इसी बात पर चुटकी लेते हुए कपिल ने मजाकिया अंदाज में पूछ डाला, ‘वैसे लोगों का एक सवाल है कि क्या आपको वाकई गोवा की खूबसूरती पसंद है, या फिर सस्ती फेनी और सस्ती पॉमफ्रेट फिश की वजह से आप बार-बार वहां जाते हैं?’ अजय देवगन ने बड़े ही शांत अंदाज में बस इतना कहा, ‘गोवा में काफी सुकून मिलता है और वैसे भी मैं फेनी नहीं पीता.’ लेकिन जब कपिल फिर भी बाज नहीं आए और कहने लगे कि खुद न सही तो किसी और के लिए तो फेनी ला ही सकते हैं, तब अजय देवगन ने अपने चिर-परिचित तीखे अंदाज में कपिल की दुखती रग पर हाथ रख दिया. अजय ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘तेरी लाइफ में फेनी ने पहले ही बहुत गड़बड़ की है, याद रखना.’
अर्चना पूरन सिंह ने कपिल शर्मा का उड़ाया मजाक
अजय का यह करारा पंच सुनते ही कपिल सकपका गए और तुरंत सफाई देते हुए बोले, ‘मैं नहीं पीता फेनी.’ तभी महफिल में तड़का लगाते हुए अर्चना पूरन सिंह ने कपिल की खिंचाई की और कहा कि फ्री में तुझे कुछ भी मिल जाए, तू पी लेगा. यह सुनते ही पूरा माहौल ऑडियंस के ठहाकों से गूंज पड़ा. वैसे, अजय देवगन का यह मजेदार जवाब कपिल शर्मा के उस विवाद की ओर इशारा था, जिसे लेकर कॉमेडी किंग खुद कई बार खुलकर बात कर चुके हैं. एक वक्त ऐसा भी था जब बहुत शराब पीना कपिल की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका था.
साल 2022 में कपिल शर्मा ट्वीट पर मचा था बवाल
साल 2022 में आए अपने स्टैंड-अप स्पेशल ‘आई एम नॉट डन येट’ में खुद कपिल ने उस वाकये को याद किया था, जब शराब के नशे में उन्होंने देर रात प्रधानमंत्री टैग करते हुए एक विवादित ट्वीट कर दिया था. बाद में ट्वीट को लेकर हुए जबरदस्त बवाल और ट्रोलिंग पर भी कपिल ने अपने शो में खुद ही जमकर मजे लिए थे.
इस दिन रिलीज होगी अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’
बताते चलें कि फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के साथ सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी का सफर अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. विजय सलगांवकर के आइकॉनिक किरदार में अजय देवगन एक बार फिर वापसी कर रहे हैं, जिनके साथ श्रेया सरन, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे. वहीं, इस फिल्म का मजा दोगुना करने के लिए एक्टर जयदीप अहलावत की भी सरप्राइज एंट्री हुई है. ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें

