संवाददाता@संदीप अग्रहरी……
— एक सप्ताह से बंद था मकान, सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान पर किया हाथ साफ

म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना के समय गृहस्वामी परिवार सहित पैतृक गांव गए हुए थे।
बताया गया कि गृहस्वामी प्रीतम सिंह करीब एक सप्ताह पहले नगवां ब्लॉक के चौखड़ा गांव गए थे। इस दौरान आश्रम मोड़ स्थित उनका मकान बंद था। शनिवार सुबह उन्हें मकान का मुख्य दरवाजा खुला होने की सूचना मिली। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे चोर:
प्रीतम सिंह के मुताबिक, चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और मकान के अंदर प्रवेश किया। घर में चोरी करने के बाद चोर पिछले दरवाजे को खोलकर बाहर निकल गए। चोर सोने-चांदी के आभूषणों के साथ अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने शुरू की जांच:
गृहस्वामी ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
