चुर्क संवाददाता@संजय सिंह…
..बिजली विभाग की लापरवाही से जनता त्रस्त, अधिकारी कर्मचारियों की कमी का दे रहे हवाला

चुर्क क्षेत्र में बीते करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से जहां घरेलू कामकाज प्रभावित है, वहीं पानी की आपूर्ति भी बाधित होने से लोगों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से समस्या के समाधान को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि जब विभागीय अधिकारियों से समस्या के संबंध में जानकारी मांगी जाती है तो कर्मचारियों की कमी का हवाला दिया जाता है।

बिजली कटौती के कारण क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कराने तथा लंबे समय से बनी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बिजली विभाग को उपभोक्ताओं से नियमित रूप से बिल की अपेक्षा रहती है, तो विद्युत आपूर्ति और शिकायतों के समाधान के प्रति भी विभाग को उतनी ही जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।