@जे0 के0….

Sonbhadra । ग्राम पंचायत बेलाटाड, विकासखंड घोरावल के वार्ड संख्या-09 के निर्वाचित सदस्य एवं जिला सचिव, व्यापार मंडल किसान संघ, सोनभद्र हरिवंश उर्फ राजू केशरी ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपकर श्मशान घाट की भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित कराने और अंत्येष्टि स्थल विकसित कराने की मांग की।
राजू केशरी ने बताया कि ग्राम सभा बेलाटाड में गाटा संख्या-18 में 1750 वर्ग मीटर भूमि राजस्व अभिलेखों में श्मशान घाट के नाम दर्ज है। उनके अनुसार करीब 50 वर्षों से भूमि पर कोई निर्माण नहीं हुआ है, जिससे उसके अतिक्रमण की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि शासन की अंत्येष्टि स्थल विकास योजना के तहत 24.36 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल विकसित किए जाने का प्रावधान है। साथ ही, उनके द्वारा उच्च न्यायालय के PIL संख्या 33348/2019 के आदेश का हवाला देते हुए श्मशान की भूमि को सुरक्षित करने और वहां आवश्यक निर्माण कराने की मांग की गई।

राजू केशरी के मुताबिक, इस संबंध में 20 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी सोनभद्र को प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिलाधिकारी स्तर से एसडीएम घोरावल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।

मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र में उन्होंने गाटा संख्या-18 का सीमांकन कराकर भूमि को सुरक्षित कराने, संबंधित लेखपाल के माध्यम से अतिक्रमण की संभावना रोकने तथा डीपीआरओ और बीडीओ घोरावल को अंत्येष्टि स्थल का प्रस्ताव स्वीकृत कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।
राजू केशरी ने कहा कि मुख्यमंत्री से उन्हें इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट का निर्माण होने से बेलाटाड और आसपास के ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।