मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग कराना अनिवार्य कर दिया गया है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी सर्कुलर-13 के तहत चयनित यात्रियों को सरकारी चिकित्सा केंद्र पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा। जांच के बाद एलोपैथिक चिकित्सक निर्धारित प्रारूप में मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करेंगे।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार चयनित हज यात्रियों को मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद और अन्य आवश्यक अभिलेख 30 सितंबर तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज एक अक्टूबर 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की ओर से प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। चयनित यात्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सरकारी चिकित्सा केंद्र पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा।

विदेशों में रह रहे एनआरआई हज यात्री संबंधित देश के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर आवश्यक रिपोर्ट निर्धारित प्रक्रिया के तहत भेजेंगे या ऑनलाइन अपलोड करेंगे।

अधिकारी ने सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए मेडिकल जांच पूरी कराने और प्रमाण-पत्र समेत जांच रिपोर्ट सुरक्षित रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान इन दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ सकती है।
