सलखन संवाददाता@बद्रीप्रसाद…

चोपन थाना क्षेत्र के सलखन मुख्य राजमार्ग पर बैरहवां टोला स्थित शंभू तिवारी के आवास के समीप विद्युत विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के पोल के सहारे सूखा पेड़ लटक रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

मुख्य राजमार्ग के किनारे पेड़ के विद्युत तार और पोल से खतरनाक तरीके से लटके होने के कारण सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के साथ आसपास की बस्ती के लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तेज हवा या बारिश के दौरान पेड़ विद्युत तारों पर गिरा तो करंट फैलने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

हैरानी की बात यह है कि यह स्थिति स्थानीय लोगों को साफ दिखाई दे रही है, लेकिन संबंधित विद्युत विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में विभागीय लापरवाही को लेकर नाराजगी है।

क्षेत्रीय प्रबुद्ध नागरिकों ने सलखन विद्युत उपकेंद्र के संबंधित अधिकारियों से तत्काल सूखे पेड़ को हटवाने और विद्युत लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे से पहले खतरे को टाला जा सके।

