@जे0 के0….

Sonbhadra । कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान समेत जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यों का प्रभावी और समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला कार्यक्रम एवं बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।

जल जीवन मिशन की होगी स्थलीय जांच:
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति जानने के लिए टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जांच में सामने आने वाली कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए।
उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और पठन-पाठन के साथ मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि कुछ प्राथमिक विद्यालयों में भवन एवं कक्ष से संबंधित आवश्यक कार्य जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से कराने की प्रक्रिया चल रही है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचाना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समस्याओं का तत्काल समाधान कराने और विभागों में आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
