@जे0 के0….

Sonbhadra। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए 1 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय प्रथम अंतर्विभागीय बैठक आयोजित हुई।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, ग्राम विकास विभाग, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांग विभाग तथा सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग अभियान के दौरान साफ-सफाई और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की तैयारियों और माइक्रोप्लान के संबंध में जानकारी दी।
सीडीओ ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों में प्रार्थना के समय बच्चों को संचारी रोगों से बचाव, हाथ धोने के तरीके, पूरी बांह की यूनिफॉर्म पहनने और बुखार आने पर क्या करें-क्या न करें, इसकी जानकारी दी जाए। प्रत्येक विद्यालय में हाथ धोने के लिए हैंडवॉश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई, जल निकासी, कचरा निस्तारण, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने के साथ उसकी फोटो संचारी रोग नियंत्रण के व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजने को कहा गया। चूके हुए स्थानों पर जमा कचरे का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम विकास विभाग को गांवों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा एंटी लार्वा, फॉगिंग और कचरा निस्तारण जैसे कार्य कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन एवं कृषि विभाग को स्क्रब टाइफस और
लेप्टोस्पायरोसिस के प्रति लोगों को जागरूक करने को कहा गया।
बैठक में घूमंतू गोवंश को तत्काल गो-आश्रय स्थलों में भेजने, सभी विभागों को 26 सितंबर तक माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन शाम चार बजे तक जिला मलेरिया अधिकारी को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।