संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..
— डीएम को ज्ञापन देकर मरम्मत, धूल नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग

शक्तिनगर-औड़ीमोड़-अनपरा-बीना मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी मजदूर सभा ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और धूल की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शक्तिनगर से बीना तक सड़क कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा गड्ढों में गिट्टी डाले जाने के बावजूद भारी वाहनों के आवागमन से सड़क फिर उखड़ गई। कोयला व राख लदे वाहनों की आवाजाही तथा खड़िया क्षेत्र में लगने वाली कतारों से जाम की स्थिति बनी रहती है।

सड़क पर जमा कोयले के चूरे और राख से उड़ती धूल के कारण राहगीरों, विद्यार्थियों, मजदूरों और दोपहिया चालकों को परेशानी हो रही है। संगठन ने खड़िया, शक्तिनगर और परसवार राजा क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के समाधान की मांग की है।
प्रदेश सचिव मुकेश सिंह ने कहा कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
