संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..
— जनसेवा और सामाजिक सरोकारों में उनके योगदान को किया गया याद, वक्ताओं ने व्यक्त की श्रद्धांजलि

पूर्व सांसद एवं मंत्री रहे स्वर्गीय सूबेदार प्रसाद की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर स्व. सूबेदार प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सार्वजनिक जीवन, जनसेवा तथा सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. सूबेदार प्रसाद के सार्वजनिक जीवन और क्षेत्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के लिए कार्य किया।

उनका राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन लोगों से जुड़ाव, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों के लिए स्मरण किया जाता रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान उसके पद से अधिक उसके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों से होती है और स्व. सूबेदार प्रसाद की स्मृतियां आज भी लोगों के बीच जीवंत हैं।
सभा में धर्मवीर तिवारी पूर्व जिलाध्यक्ष, अंगद विश्वकर्मा प्रतिनिधि प्रभारी मंत्री मा. हंसराज विश्वकर्मा, मा. सुभाष राम चरित्र पूर्व विधायक देवसर, अजीत रावत सदर ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्रीय मंत्री रामसुंदर निषाद, कुसुम शर्मा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, बी.एन. गुप्ता क्षेत्रीय मंत्री पिछड़ा मोर्चा, नागेश्वर गोंड़ प्रदेश मंत्री जनजाति मोर्चा, संजीव त्रिपाठी जुगैल जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि, सभासद राजन जायसवाल, राजेश अग्रहरी, पूर्व सभासद महेन्द्र केशरी, मोजिब आलम, संजय केशरी मंडल अध्यक्ष चोपन, सुनील सिंह निवर्तमान मंडल अध्यक्ष, विकास चौबे मंडल महामंत्री एवं हिमांशु प्रियदर्शी मंडल मंत्री सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन राजेश अग्रहरी ने किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं लोगों ने स्व. सूबेदार प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों एवं सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में स्व. सूबेदार प्रसाद के छोटे सुपुत्र एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. सत्येन्द्र कुमार आर्य ने उनके जीवन एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिता की स्मृतियां परिवार के साथ-साथ उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, जिनसे उनका सार्वजनिक जीवन के दौरान जुड़ाव रहा। डॉ. सत्येन्द्र कुमार आर्य ने सभी आगंतुकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि सभा के समापन की घोषणा की।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी उपस्थित लोगों की भीड़ और भावपूर्ण माहौल ने यह संदेश दिया कि स्व. सूबेदार प्रसाद की स्मृतियां आज भी क्षेत्र के लोगों के बीच सम्मान और श्रद्धा के साथ जीवित हैं।