संवाददाता@हनीफ खान….

बाबा बिहारी इंटर कॉलेज भरकवाह परिसर में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। बनारस पाली हॉस्पिटल, उरमौरा रॉबर्ट्सगंज की चिकित्सकीय टीम ने करीब 500 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में मौसमी बुखार, खांसी-जुकाम, रक्तचाप, खुजली और दर्द सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। गंभीर मरीजों को हॉस्पिटल पहुंचकर निःशुल्क जांच और उपचार कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव और मच्छरों के प्रकोप के कारण विभिन्न मौसमी बीमारियां फैल रही हैं। ऐसे में समय पर जांच और उचित उपचार जरूरी है। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी कि बिना जांच के दवा लेने से बचें। बारिश के मौसम में स्वच्छ पानी को उबालकर पीने तथा आसपास साफ-सफाई रखने पर विशेष ध्यान दें। बच्चों और बुजुर्गों में मौसमी बीमारियों का प्रभाव अधिक देखने को मिलता है।
चिकित्सकों ने कॉलेज द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर को सराहनीय पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की आवश्यकता जताई। कॉलेज के प्रबंध निदेशक अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रबंधक बुद्धिनाथ सिंह यादव ने चिकित्सकीय टीम का स्वागत किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अनुरुद्ध प्रसाद, अविनाश कुमार, अजय कुमार यादव, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विलियम प्रेम प्रकाश, बृजमा शुक्ला, काजल जायसवाल, अर्पिता कुशवाहा, जागृति पटेल, अनामिका मौर्या, सत्यानंद प्रजापति, शांति और अमरजीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।