Last Updated:
Mau Latest News: यूपी के मऊ में CRPF जवान की दो बेटियों का वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों बच्चियां जिलाधिकारी से स्कूल जाने का रास्ता बनवाने की गुहार लगा रही हैं. बच्चियों का कहना है कि बारिश के बाद रास्ते में पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है.
बच्ची ने लगाई डीएम से गुहार.
मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ में दो छोटी बच्चियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो जिलाधिकारी से अपने घर से स्कूल तक जाने के लिए रास्ता बनवाने की अपील कर रही हैं. आठ साल की काव्या और चार साल की तृषा का कहना है कि बारिश होते ही उनके घर के पास का रास्ता पानी और कीचड़ से भर जाता है. ऐसे में उन्हें स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है. दोनों बच्चियों के पिता सीआरपीएफ में तैनात हैं और इस समय छत्तीसगढ़ के सुकमा में ड्यूटी कर रहे हैं.
मामला मऊ नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर सात की विवेकानंद कॉलोनी का बताया जा रहा है. काव्या और तृषा के पिता अमित सिंह सीआरपीएफ में हैं. दोनों बच्चियों ने वीडियो बनाकर सीधे डीएम से अपनी परेशानी बताई. उनका कहना है कि पापा ड्यूटी के कारण घर से दूर रहते हैं. इसलिए रोज उन्हें स्कूल छोड़ने और लेने नहीं आ सकते.
बच्चियों ने बताया कि बारिश के दिनों में रास्ते पर इतना पानी और कीचड़ हो जाता है कि स्कूल जाते समय कई बार वे गिर जाती हैं. हालत यह है कि उनकी मां को उन्हें गोद में उठाकर स्कूल तक ले जाना पड़ता है. बच्चियों की मांग भी बहुत बड़ी नहीं है. वे चाहती हैं कि उनके घर से स्कूल तक आने-जाने के लिए ऐसा रास्ता बन जाए, जिससे बारिश में भी उन्हें परेशानी न हो.
परिवार ने खुद ठीक कराया था रास्ता, बारिश में फिर बिगड़ी हालत
परिजनों के मुताबिक, घर तक आने-जाने के लिए रास्ता ठीक नहीं था. ऐसे में परिवार ने खुद मिट्टी डालकर और ईंटें लगाकर रास्ता चलने लायक बनाया था. लेकिन तेज बारिश के बाद यह रास्ता दोबारा खराब हो गया. इसके बाद वहां पानी भरने लगा और रास्ते पर कीचड़ हो गया.
परिवार का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से भी शिकायत की गई थी. वहां से रास्ता ठीक कराने का भरोसा मिला, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई. इसके बाद बच्चियों ने खुद वीडियो बनाकर अपनी बात डीएम तक पहुंचाने की कोशिश की.
पहले भी बच्ची की गुहार पर बनी थी सड़क
मऊ में कुछ समय पहले सामरा नाज नाम की एक छात्रा का मामला भी चर्चा में आया था. उसने भी रास्ते की परेशानी को लेकर प्रशासन से मदद मांगी थी. इसके बाद प्रशासन ने उसके घर तक रास्ता बनवाया था. अब काव्या और तृषा का वीडियो सामने आने के बाद लोगों का ध्यान भी इस मामले की ओर गया है.
नगर पालिका ने कहा- समस्या की जानकारी है, जल्द होगा समाधान
बच्चियों की शिकायत को लेकर मऊ नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी है. रास्ते की पैमाइश भी कराई जा चुकी है. उन्होंने कहा कि जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही बच्चियों की समस्या का समाधान किया जाएगा. अब देखना यह है कि बारिश के बीच स्कूल जाने में परेशान हो रही इन दोनों बच्चियों की गुहार पर रास्ते का काम कितनी जल्दी शुरू होता है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें

