संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

नगर के मुख्य मार्ग से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क की दोनों पटरियों की बदहाल स्थिति से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी नगर इकाई रेणुकूट के नगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने उपजिलाधिकारी दुद्धी को पत्र सौंपकर दोनों तरफ बौल्डर सोलिंग कराने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि मेन रोड के दोनों तरफ पिछले कई वर्षों से पटरियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। रेणुकूट रेलवे स्टेशन से मस्जिद तक सड़क के दोनों किनारों पर करीब एक से दो फीट गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी और गंदगी जमा रहती है। इससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। व्यस्त सड़क होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भी इस मार्ग पर कई घटनाएं हो चुकी हैं।
सपा नगर अध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह रविवार और बुधवार को सड़क किनारे सब्जी की दुकानें भी लगती हैं, जिससे आवागमन और अधिक प्रभावित होता है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रेणुकूट मस्जिद से रेलवे स्टेशन सड़क के बगल में दोनों तरफ बौल्डर सोलिंग कराने तथा संबंधित विभागीय अधिकारी को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने के साथ दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा l
इस दौरान नगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ,राकेश सिंह, विनय गौतम,संजय लाल यादव, राजेश वर्मा, सुनील यादव, मोहित विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे l