लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर चौतरफा हमला बोला है. सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने रायबरेली में समाजवादी छात्रसभा के कार्यक्रम में हुए बवाल, पार्टी सांसद के साथ बदसलूकी और राज्य में बेरोजगारी व झूठे निवेश के दावों को लेकर सरकार पर हमला बोला.
अखिलेश यादव ने रायबरेली की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां समाजवादी छात्रसभा का शांतिपूर्ण कार्यक्रम चल रहा था. लेकिन भारतीय जनता पार्टी के गुंडों ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम में भारी रुकावट पैदा की और उसे चलने नहीं दिया. सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि छात्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इसके लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा. इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय प्रशासन और सरकार के लोगों ने न सिर्फ मूकदर्शक की भूमिका निभाई, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का बड़े पैमाने पर अपमान भी किया.
सांसद पप्पू निषाद जान से बचे, गाड़ी तोड़ी गई- अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने मछलीशहर से पार्टी सांसद प्रिया सरोज के पिता और पूर्व विधायक/सांसद रमाशंकर राजभर व सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और संतकबीरनगर से सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के साथ हुए दुर्व्यवहार को गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू निषाद को प्रशासन द्वारा उचित सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया.
अखिलेश ने कहा, ‘कार्यक्रम स्थल पर पुलिस-प्रशासन का कोई पर्याप्त बंदोबस्त नहीं था. हमारे सांसद पप्पू निषाद जी को अपमानित होना पड़ा, उनकी गाड़ी तोड़ दी गई और उनके साथ मौजूद लोगों से बदसलूकी की गई. वो तो गनीमत थी कि जान बच गई, वरना उनकी जान ले ली गई होती.’ उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि यही भारतीय जनता पार्टी की असल कानून-व्यवस्था है.
स्वजातीय हैं तो सम्मान, PDA हैं तो अपमान
बीजेपी की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दोहरा मापदंड चल रहा है. प्रशासन केवल स्वजातीय लोगों को बढ़ावा और संरक्षण देने में लगा है. उन्होंने कहा, ‘अगर आप सत्ता पक्ष के स्वजातीय हैं तो आपको सम्मान मिलेगा, लेकिन अगर आप पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग से आते हैं, तो आपको अपमानित किया जाएगा. पीडीए के लोगों पर दबाव बनाया जाता है, उन्हें डराया-धमकाया जाता है और झूठे मुकदमों में फंसा दिया जाता है.’
सिर्फ विज्ञापनों और अखबारों में है रोजगार व निवेश
प्रदेश के आर्थिक विकास और युवाओं को रोजगार देने के सरकारी दावों की हवा निकालते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जमीनी हकीकत दावों से बिल्कुल उलट है. युवाओं के पास नौकरियां नहीं हैं और न ही धरातल पर कोई नया इन्वेस्टमेंट आया है. उन्होंने कहा, ‘कारोबार, उद्योग और नौकरियां केवल सरकारी विज्ञापनों और टीवी की खबरों में दिखाई दे रहे हैं. अखबारों में इतने बड़े-बड़े विज्ञापन दिए जा रहे हैं कि अगर उनका हिसाब लगाया जाए तो अब तक करोड़ों नौकरियां पहले ही मिल चुकी होतीं, लेकिन हकीकत में युवा आज भी भटकने को मजबूर हैं.’
