मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, अन्नपूर्णा भवनों और उचित दर दुकानों पर शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा एवं विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया गया। इसके अलावा डिजिटल माध्यमों, फोटो और शॉर्ट वीडियो के जरिए राशन वितरण में पारदर्शिता तथा लाभार्थियों के अनुभवों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

लाभार्थियों की सुविधा के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इनमें राशन कार्ड में नाम संशोधन, ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उचित दर दुकानों पर विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अन्नपूर्णा भवनों को मजबूत करने के साथ वहां उपलब्ध अतिरिक्त नागरिक सुविधाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। वहीं, टोल-फ्री नंबर और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से राशन वितरण से जुड़ी शिकायतों की सीधे सुनवाई की व्यवस्था की जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने जिले के सभी राशन कार्डधारकों, उज्ज्वला योजना से लाभान्वित परिवारों और आमजन से अपील की है कि वे नजदीकी शिविरों एवं कार्यक्रमों में शामिल होकर अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
