@जे0 के0….

Sonbhadra। कोन थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में करैत सांप के काटने से सात वर्षीय बालिका खुशी की मृत्यु हो गई। परिजनों द्वारा तत्काल चिकित्सकीय उपचार के स्थान पर झाड़-फूंक का सहारा लेने से बच्ची को समय पर इलाज नहीं मिल सका।
परिजनों के अनुसार, खुशी पुत्री ललन बीती रात भोजन के बाद अपनी नानी के साथ घर में जमीन पर सो रही थी। देर रात लगभग एक बजे बिस्तर में घुसे करैत सांप ने उसे पीठ और गर्दन पर दो स्थानों पर डस लिया। बच्ची ने इसकी जानकारी अपनी नानी को दी, जिसके बाद परिजन उसे गांव में झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति के पास ले गए। लगभग चार घंटे तक झाड़-फूंक चलती रही, लेकिन सुबह करीब पांच बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पिता ललन ने बताया कि घबराहट तथा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में निवास के कारण वे समय रहते उचित निर्णय नहीं ले सके। खुशी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और कक्षा दो की छात्रा थी। उसकी मृत्यु से परिवार और पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में सर्पदंश से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान चलाने तथा आपात चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने की अपील की है।





