संवाददाता@विशाल टंडन…..
— दवा छिड़काव, नाली सफाई, झाड़ी कटाई और फॉगिंग से मच्छरों के प्रकोप पर नियंत्रण की पहल

नगर पालिका परिषद सोनभद्र द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत नगर क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई और मच्छररोधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में दवा का छिड़काव, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा फॉगिंग का कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है। इस अभियान की खास बात नगर पालिका के बेड़े में शामिल नई फॉगिंग मशीन है, जो अपनी आधुनिक तकनीक और छोटे आकार के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।

मशीन संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी आसानी से पहुंचकर प्रभावी ढंग से फॉगिंग कर रही है, जिससे मच्छरों के प्रकोप पर नियंत्रण में मदद मिल रही है। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलभराव न होने दें और नगर पालिका के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, ताकि डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।





