@जे0 के0….

Sonbhadra। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर सरईगढ़ मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक खलियारी निवासी करीब 30 वर्षीय शमसाद अंसारी पर आरोप है कि वह वर्ष 2014 से पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। इस दौरान दोनों के संबंध से एक पुत्र भी पैदा हुआ। आरोप है कि वर्ष 2023 में शमसाद ने दूसरी महिला से शादी कर ली और इसके बाद पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 140/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69, 115(2) और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने 16 सितंबर को आरोपी शमसाद अंसारी को रायपुर सरईगढ़ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, चौकी प्रभारी सरईगढ़ इन्दु भूषण मिश्र, आरक्षी चन्द्रकेश चौहान, सर्वेश मिश्रा और सौरभ कुमार शामिल रहे।
