संवाददाता@बद्री प्रसाद……

जुगैल थाना क्षेत्र के बरगवां-बरवाडीह मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य में लगे एक मुंशी की शुक्रवार दोपहर अचानक मौत हो जाने से निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, अदलगंज टोला कोटिया निवासी सुनील कुमार (30 वर्ष) पुत्र रामललित एक निर्माण कंपनी में मुंशी के रूप में कार्यरत थे। वह बरगवां-बरवाडीह क्षेत्र में सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे। दोपहर में मजदूरों को भोजनावकाश देने के बाद वह कुछ देर तक कार्यस्थल पर मौजूद रहे और बाद में स्वयं खाना खाने के लिए अपने डेरे पर चले गए।

भोजनावकाश समाप्त होने के बाद जब काफी देर तक सुनील कुमार कार्यस्थल पर वापस नहीं पहुंचे, तो मजदूर उन्हें देखने उनके डेरे पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि भोजन की थाली सामने रखी हुई थी और सुनील कुमार अचेत अवस्था में पड़े थे। स्थानीय लोगों और मजदूरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जुगैल थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मृत्यु का प्रतीत होता है। घटना में किसी प्रकार के आपराधिक पहलू की जानकारी नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





