संवाददाता@आनंद गुप्ता……

झारखंड के बिलासपुर क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में सोनभद्र जिले के विंढमगंज निवासी 8 वर्षीय शिवम कुमार, पुत्र सनोज पासवान, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में शिवम के पिता सनोज पासवान (46), पुत्र केश्वर पासवान, तथा माता चिंता देवी (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, श्री बंशीधर नगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, गढ़वा रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार चिंता देवी का उपचार गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि सनोज पासवान की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना जैसे ही विंढमगंज पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। मृतक शिवम के घर पर लोगों का तांता लगा रहा और सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
परिजनों ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बेहद कठिन है। उन्होंने समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि घायल दंपति का समुचित उपचार हो सके और इस कठिन समय में परिवार को आवश्यक सहयोग मिल सके।





