संवाददाता@विशाल टंडन…..
— शिवाजी तिराहा लोकार्पण और खालियारी–घोरावल मार्ग पर मुख्यमंत्री से हुई अहम वार्ता

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र की चेयरमैन रूबी प्रसाद ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर चेयरमैन रूबी प्रसाद ने आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के चुर्क मोड़ स्थित प्रस्तावित वीर छत्रपति शिवाजी तिराहा के लोकार्पण कार्यक्रम के संबंध में मुख्यमंत्री से विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा कार्यक्रम में उनके स्नेह एवं मार्गदर्शन का आग्रह किया।
भेंट के दौरान उन्होंने खालियारी–घोरावल मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण का विषय भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि नगर की सुव्यवस्थित संरचना, जनहित एवं सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए चौड़ीकरण का कार्य खालियारी से महिला थाना तथा घोरावल से धर्मशाला तक ही कराया जाए, जिससे नगर का व्यवस्थित स्वरूप सुरक्षित रहे तथा आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आवश्यक विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। रूबी प्रसाद ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र नगर के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार एवं जनहित के कार्यों को निरंतर प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसकी जानकारी अमन वर्मा,सह मीडिया प्रभारी,भारतीय जनता पार्टी, सोनभद्र द्वारा दी गई।





