संवाददाता@मनीष कुमार….

उपजिलाधिकारी निखिल यादव के नेतृत्व में आज कस्बे में एनएच-39 के किनारे स्थित सार्वजनिक पटरियों व नालियों पर चल रहे अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चला कर अतिक्रमण हटवाया गया। नगर पंचायत कर्मचारी और कोतवाली पुलिस बल की मौजूदगी में कचहरी रोड व अन्य मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे रखे गए सामान व ठेलों को हटवाया गया।
एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि पटरियों पर कब्जा कर रहे दुकानदारों को पहले से सूचित किया गया था और उन्हें स्वयं अपने सामान हटाने के लिए कहा गया था। चेतावनी के बावजूद नहीं हटाने पर नगर पंचायत कर्मचारियों ने कार्रवाई कर सामान हटवाया। कब्जा करने वालों को फार्म भरवाकर चालान तथा आगे कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

निखिल यादव ने कहा कि नगर सीमा के भीतर सार्वजनिक मार्ग व नाली स्थल पर किए गए अवैध कब्जों को समाप्त किया गया है और यह कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने अपील की कि जो लोग सड़क और पटरियों पर अवैध रूप से कब्जा किए बैठे हैं, वे अपने आप उसे हटवा लें ताकि सड़क पर जाम और दुर्घटनाओं की घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में विस्तृत और सख्त कार्यवाही की जाएगी यदि लोग नियम नहीं मानते हैं। कोतवाली पुलिस ने भी अभियान के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखी और आवश्यक वैधानिक नोटिस व चेतावनियाँ दीं।





