संवाददाता@बद्री प्रसाद….
— बाल-बाल बचे राहगीर, कुछ देर थमा यातायात; पुलिस व स्थानीय लोगों ने हटाया मलबा

वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सलखन स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जाने वाले मार्ग पर हाइट बीम की भारी लोहे की रेलिंग अचानक टूटकर सड़क पर जा गिरी। तेज आवाज के साथ रेलिंग गिरते ही आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि जिस वक्त भारी-भरकम लोहे की रेलिंग सड़क पर गिरी, उस दौरान उसकी चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

रेलिंग के बीच सड़क पर गिरने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर लोहे का मलबा होने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और संयुक्त प्रयास से रेलिंग को सड़क से हटाकर किनारे किया गया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर इस तरह भारी लोहे की संरचना का अचानक गिरना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने संबंधित विभाग से रेलवे ब्रिज की हाइट बीम और उसकी रेलिंग की तत्काल जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
