संवाददाता@संजय सिंह…….

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र के विद्युत अभियंत्रण विभाग ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता साबित की है। संस्थान की तीन छात्राओं ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) की बीटेक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया है।
विद्युत अभियंत्रण विभाग की छात्रा समृद्धि कुशवाहा ने 9.04 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आराधना तिवारी ने 8.87 सीजीपीए के साथ सातवीं रैंक और गोमती प्रसाद साहू ने 8.85 सीजीपीए के साथ नौवीं रैंक हासिल कर विभाग को गौरवान्वित किया।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा, विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह तथा विभाग के प्राध्यापक डॉ. आर. के. पटेल, श्री राम वैस सहित समस्त संकाय सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक प्रो. के. एस. वर्मा ने कहा कि यह सफलता महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
वहीं विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह ने इसे विद्युत अभियंत्रण विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि छात्राओं की मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विभाग को
विश्वविद्यालय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी संस्थान के विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज का गौरव बढ़ाते रहेंगे।





