संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

विकास खंड म्योरपुर के कुसुमहा गांव में लघु सिंचाई विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में निर्मित ब्लास्ट कूप पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त हो गया। लगभग चार माह पूर्व निर्मित इस ब्लास्ट कूप का उद्देश्य किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन पहली ही बारिश में निर्माण ढह जाने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण ब्लास्ट कूप पहली ही बरसात का सामना नहीं कर सका। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होता तो इतनी जल्दी यह क्षतिग्रस्त नहीं होता।

ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा निर्माण को मानकों के अनुरूप दोबारा कराने की मांग की है।
इस संबंध में लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता काशीनाथ यादव का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा किसानों के हित में ब्लास्ट कूप का शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।





