संवाददाता@संजय सिंह…
— ओडिशा से दिल्ली ले जाया जा रहा था गांजा, वाहन में बना रखा था विशेष गुप्त केबिन; कुल बरामदगी करीब 1.20 करोड़ रुपये

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 220 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये बताई गई है, बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार तस्करी में प्रयुक्त EICHER PRO 1075 छह पहिया वाहन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की टीम होटल डीआर ड्रीम, सनबीम स्कूल मोड़ तिराहा, ग्राम गेंगुआर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिन्दुआरी तिराहे से पहले पुल के पास एक छह पहिया वाहन में दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन में बैठे दोनों लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने करीब 20:40 बजे पुल की रेलिंग के पास दोनों को पकड़ लिया।पूछताछ में उनकी पहचान बिरेस पुत्र होराम (45 वर्ष), निवासी ग्राम अहुरमई, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं तथा गोविन्द पुत्र सुरेन्द्र (25 वर्ष), निवासी ग्राम मियारी, पोस्ट अभिबाँव, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी के दौरान मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों से वेल्डिंग कर बनाया गया एक विशेष गुप्त केबिन मिला। इसी केबिन में सात बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 220 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली में रहने वाले कुछ लोगों के संपर्क में थे और उनके लिए गांजा लाने का काम करते थे। दिल्ली से गांजा खरीदने के लिए उन्हें धन उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद वे ओडिशा के सुंदरगढ़ और कालाहांडी क्षेत्र में पहुंचे, जहां एक स्थानीय व्यक्ति के माध्यम से गांजा वाहन में लोड कराया गया।

गांजे को वाहन में बनाए गए गुप्त केबिन में छिपाकर ओडिशा से सोनभद्र के रास्ते दिल्ली ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा दिल्ली में पहुंचाया जाना था।पूछताछ और बरामद मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब इस पूरे अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 763/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक एसओजी राम स्वरूप वर्मा, हिन्दुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह, सुकृत चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव सहित रॉबर्ट्सगंज थाना, चुर्क, सुकृत और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

