संवाददाता@विजय अग्रहरी…..

हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद और खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर हिंदी के प्रति अपनी रुचि दिखाई।
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों के लिए निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंकुश, सुंदरम, सुजीत और सागर ने हिंदी दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी देश की प्रमुख भाषाओं में से एक है और यह लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करती है। विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग और इसके प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में हिंदी शिक्षक परितोष मिश्रा, कमलेश सिंह, सुभाष चंद्र, राम आशीष यादव, संजय सिंह, सोनू निगम, गौरव निरंजन, चंद्र मोहन सिंह और नीलेश पांडेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

भारतीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य गणेश देव पांडेय की अध्यक्षता में हिंदी दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने हिंदी को सरल, सहज और व्यापक संपर्क की भाषा बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।
राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अनिल कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर अजय कुमार, डाॅ. राजन चतुर्वेदी, राजेंद्र प्रसाद प्रजापति, रविशंकर सिंह, अभिनव राय, संतोष कुमार सिंह, नीलेश कुमार और मनोज कुमार सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे। कक्षा 12 के छात्र छोटू कुमार ने हिंदी दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति सम्मान बढ़ाने और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
