सालों बाद स्विटरलैंड से भारत लौटीं डॉ. रोहिणी ने सांसद चंद्रशेखर पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, चंद्रशेखर को जेल जाने से कोई नहीं रोक सकता। डॉ. रोहिणी ने राजनीति में कदम रखने के भी संकेत दिए।
Meerut News: सालों बाद स्विटजरलैंड से भारत लौटीं डॉ. रोहिणी घावरी नगीना सांसद चंद्रशेखर पर फायर हो गईं। दिल्ली पहुंचते ही डॉ. रोहिणी ने चंद्रशेखर पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, चंद्रशेखर के साथ उनकी कानूनी लड़ाई चल रही है। उन्होंने कहा, हमे अब उस तारीख का इंतजार है। नगीना सांसद पर निशाना साधते हुए डॉ. रोहिणी ने कहा, चंद्रशेखर आजाद अब सीधे जेल जाएंगे। उन्होंने जेल जाने से कोई भी रोक नहीं सकता। साथ ही डॉ. रोहिणी ने चुनाव लड़ने के भी संकेत दिए। अगर ऐसा हुआ तो 2027 के चुनाव में डॉ. रोहिणी चंद्रशेखर के लिए मुसीबतें बढ़ा सकती हैं। डॉ. रोहिणी ने कुछ महीनों पहले ही चंद्रशेखर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे।
11 सितंबर को डा.रोहिणी घावरी स्विटजरलैंड से भारत वापस लौटीं हैं। रविवार को मेरठ पहुंची डॉ. रोहिनी ने राजनीति में कदम रखने के भी संकेत दिए हैं। परतापुर बाईपास स्थित कदम्बा रिसॉर्ट में समाज को लेकर सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. रोहिणी घावरी ने समाज के अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की पुरजोर वकालत की। इस दौरान डॉ. रोहिणी ने आगामी विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों पर वाल्मीकि समाज को 30 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। उन्होंने कहा कि सभी दलों ने बहुजन समाज की उपेक्षा की है। अब वे समाज की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। कार्यक्रम के दौरान आरक्षण वर्गीकरण के मुद्दे को भी मजबूती से उठाया गया, जिससे समाज के पिछड़े और उपेक्षित हिस्सों को सीधा लाभ मिल सके।
चंद्रशेखर आजाद से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया
मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद पर लगाये गये आरोपों से जुड़े सवाल पर डॉ. रोहिणी घावरी ने स्पष्ट किया कि यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और इस पर अंतिम फैसला न्यायालय द्वारा ही लिया जाएगा। चंद्रशेखर के खुद को अंबेडकरवादी कहने पर तंज कसते हुए डॉ. रोहिणी ने कहा, कोई भी अंबेडकरवादी न्यायप्रिय होगा तो वह महिलाओं के सम्मान की बात करेगा। अगर वह अंबेडकरवादी हैं तो मेरे साथ अन्याय क्यों किया?
प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन और नोकझोंक
कार्यक्रम के समापन पर रोहित वाल्मीकि, डॉ. रोहिणी घावरी और समाज के अन्य लोगों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन एसपी सिटी विनायक भोसले तथा एसीएम चतुर्थ को सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. रोहिणी घावरी और एसपी सिटी के बीच समाज की मांगों को सुनने और कार्यक्रम को समय पर समाप्त करने को लेकर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, जिसके बाद एसपी सिटी अन्य व्यस्तताओं का हवाला देकर वहां से रवाना हो गए। आयोजकों ने चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध तरीके से मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज को आंदोलन तेज करने और जंतर-मंतर तक हुंकार भरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।



