मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जनकल्याण सेवा समिति रॉबर्ट्सगंज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 15 सितंबर को आयोजित होने वाली नमो मैराथन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। रविवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही मैराथन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

समिति के सचिव डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि बालक वर्ग की दौड़ सुबह नौ बजे होटल अविनाश से शुरू होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस पहुंचेगी। वहीं बालिका वर्ग की दौड़ सुबह 9:30 बजे चुर्क बाजार रोडवेज बस स्टैंड के पास से शुरू होकर सर्किट हाउस तक जाएगी। प्रतिभागियों से दो घंटे पूर्व पहुंचने की अपील की गई है।

दोनों वर्गों में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय पुरस्कार 5100 रुपये रखा गया है। 21 प्रतिभागियों को 1100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

प्रतिभागियों की उम्र 17 से 26 वर्ष निर्धारित है तथा सोनभद्र में निवास या अध्ययनरत होना अनिवार्य है। आयोजन में वॉलंटियर, प्रशिक्षक, डॉक्टरों की टीम और एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था रहेगी।

बैठक में कृष्ण मुरारी गुप्ता, संदीप सिंह, राजेश गुप्ता, आनंद मिश्रा सहित समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

