संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सीईआरसी) के अध्यक्ष जिष्णु बरुआ एवं सचिव हरप्रीत सिंह प्रूथी ने एनटीपीसी सिंगरौली का दौरा कर विद्युत उत्पादन, तकनीकी उत्कृष्टता, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और स्टेज-III परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव के नेतृत्व में अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
दौरे के दौरान सीएसआर के तहत गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (GEM) की बालिकाओं को स्कूल बैग व स्टेशनरी किट तथा जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। सीईआरसी अध्यक्ष व सचिव ने बालिकाओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्टेडियम परिसर में पौधरोपण किया और आधुनिक जिम का उद्घाटन भी किया।
अतिथियों ने सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, स्टेज-III परियोजना क्षेत्र तथा यूनिट संख्या-06 के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्युत उत्पादन प्रक्रिया, आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं, परियोजना प्रगति और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी।

प्रशासनिक भवन के ‘संकल्प’ सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक में ई. प्रभाकर राव ने एनटीपीसी सिंगरौली की उपलब्धियों और भावी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। जिष्णु बरुआ ने ऊर्जा क्षेत्र में विश्वसनीयता, दक्षता, सुरक्षा, तकनीकी नवाचार और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान विद्युत क्षेत्र की भावी चुनौतियों, परियोजना विकास और नियामकीय विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दौरे के समापन पर अतिथियों के सम्मान में ग़ज़ल संध्या आयोजित की गई।
