संवाददाता@विशाल टंडन……

जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने फैमिली आईडी और राशन कार्ड को लेकर लोगों में फैल रही गलतफहमियों को दूर करते हुए स्पष्ट किया है कि फैमिली आईडी बनवाने से राशन कार्ड की पात्रता पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि जनपद में कुछ लोगों के बीच यह भ्रम फैल रहा है कि फैमिली आईडी बनने के बाद राशन कार्ड नहीं बन सकेगा या उसका लाभ नहीं मिलेगा, जबकि यह पूरी तरह गलत है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आच्छादित परिवारों के लिए उनकी राशन कार्ड संख्या ही फैमिली आईडी के रूप में मान्य है। वहीं जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें सरकार द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से फैमिली आईडी उपलब्ध कराई जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि राशन कार्ड से वंचित लेकिन पात्र परिवार फैमिली आईडी बनवाने के बाद भी किसी भी समय राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।

फैमिली आईडी पहले से बनी होने के कारण उनकी पात्रता प्रभावित नहीं होगी। राशन कार्ड स्वीकृत होने के बाद उसकी संख्या ही संबंधित परिवार की फैमिली आईडी के रूप में दर्ज होगी और उन्हें राशन कार्ड से मिलने वाली सभी सुविधाएं प्राप्त होंगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सही जानकारी के लिए विभागीय कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है। साथ ही पात्र परिवारों से प्राथमिकता के आधार पर फैमिली आईडी बनवाने और राशन कार्ड के लिए आवेदन करने का अनुरोध किया है।





