संवाददाता@अनिल अग्रहरी….

चोपन थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के पंचम खाड़ी टोला में शुक्रवार को दशवां संस्कार के दौरान हुए हादसे में पोखरे में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गया दूसरा युवक भी डूबने लगा। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को पानी से बाहर निकालकर निजी साधन से चोपन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक का उपचार कर उसकी जान बचा ली गई।
बताया गया कि बीते दो सितंबर की रात पंचम खाड़ी निवासी 31 वर्षीय अनीता देवी की सर्पदंश से मौत हो गई थी। शुक्रवार को परिवार में उनका दशवां संस्कार चल रहा था। इसी दौरान उनके रिश्तेदार 39 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र मान सिंह गोंड गांव के पास स्थित पोखरे में नहाने चले गए। नहाते समय अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

रमेश को डूबता देखकर परिवार का ही करीब 25 वर्षीय गोविंद उर्फ सोनू पुत्र जगनारायण गोंड उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि वह भी गहरे पानी में डूबने लगा। दोनों को डूबता देखकर मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने पानी में उतरकर काफी खोजबीन के बाद दोनों को बाहर निकाला।
इसके बाद दोनों को निजी साधन से चोपन अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने रमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोविंद उर्फ सोनू का उपचार किया गया और उसकी हालत में सुधार बताया गया।
घटना की सूचना परिजनों ने चोपन थाना पुलिस और डायल 112 को दी। सूचना मिलने पर हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू की।
