पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर 18 में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास हर घर जल मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बर्बाद हो रहा है।

वहीं सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासी बसंत ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज की समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है।

सुबह और शाम लगातार पानी सड़क पर बहता रहता है। काफी मात्रा में पानी बर्बाद होने के बावजूद अभी तक लीकेज की मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से हर घर जल मिशन के माध्यम से घर-घर पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पाइपलाइन में लीकेज के कारण पानी घरों तक पहुंचने के बजाय सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। लगातार पानी बहने से सड़क की स्थिति भी खराब होने की आशंका बनी हुई है।

सनी, संतोष, शुभम, पंकज, कमलेश, चंदन समेत अन्य स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पाइपलाइन के लीकेज को जल्द ठीक कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत होने से पानी की बर्बादी रुकने के साथ ही सड़क पर जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।इस संबंध में मोबाइल फोन से संपर्क करने पर जेई आशीष यादव ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज की समस्या का एक-दो दिन में समाधान करा दिया जाएगा।

