संवाददाता@उमेश सिंह..
— छात्रा की मां ने थाने में दी तहरीर, पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही

अनपरा थाना क्षेत्र के वार्ड 8 बल्लभभाई नगर मोहल्ला मुड़ी सेमर में स्कूल से घर लौट रही 11 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और विरोध करने पर उसकी मां के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।छात्रा की मां ने अनपरा थाने में तहरीर देकर आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी 11 वर्षीय बेटी दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। आरोप है कि किंडरगार्टन स्कूल से कुछ दूरी पर सूरज भारती पुत्र राजेंद्र भारती ने छात्रा का हाथ पकड़कर उसे बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह वहां से बचकर भागी और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।बेटी की बात सुनने के बाद उसकी मां ने रास्ते में सूरज से घटना के संबंध में पूछताछ की।आरोप है कि इस दौरान युवक ने छात्रा की मां के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद महिला ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पहले से मुकदमों का भी लगाया आरोप : परिजनों का आरोप है कि संबंधित युवक के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।परिजनों ने युवक की गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल होने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई : मामले में थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।