नई दिल्ली: बॉलीवुड के 76 साल के दिग्गज एक्टर शरत सक्सेना की तबीयत इन दिनों कुछ ठीक नहीं चल रही है . उम्र के इस पड़ाव पर भी काम के लिए उनका जज्बा तो वही पुराना वाला है, लेकिन सेहत साथ नहीं दे रही है . हालत यह है कि उन्हें चलने-फिरने में भी काफी दिक्कत हो रही है. डॉक्टर्स ने उन्हें रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की सलाह दी है .इस बड़े ऑपरेशन से पहले उनका एक एमआरआई स्कैन किया गया.
लेकिन एमआरआई की तस्वीरें देखकर फैंस हैरान रह गए, क्योंकि आम तौर पर एमआरआई लेटकर ही कराया जाता है . लेकिन शरत सक्सेना का एमआरआई कोई नॉर्मल स्कैन नहीं था, बल्कि ये एक वेट बियरिंग यानी स्टैंडिंग एमआरआई था .
कैसी है शरत सक्सेना की तबीयत
76 साल की उम्र में एक्टर की रीढ़ की हड्डी यानी स्पाइन की एक बड़ी सर्जरी हुई है . करीब छह घंटे तक चले इस लंबे ऑपरेशन के बाद अब शरत सक्सेना बिल्कुल ठीक हैं और अपने घर वापस लौट चुके हैं . सर्जरी के तुरंत बाद ही उनका जबरदस्त जज्बा और फिटनेस को लेकर प्यार सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है .
अस्पताल से शेयर कीं खास तस्वीरें
शरत सक्सेना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अस्पताल से जुड़ी कई तस्वीरें शेयर की हैं . इन फोटोज में वे सर्जरी के बाद बेड पर लेटे मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं और उनके पास परिवार के लोग खड़े हैं . तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि छह घंटे की स्पाइन सर्जरी पूरी हुई, एक अच्छे इंसान को ज्यादा देर तक रोक कर नहीं रखा जा सकता . एक फोटो में कार में बैठकर घर लौटते हुए शरत बहुत खुश दिख रहे हैं और उन्होंने लिखा कि आज पार्टी होगी और कल से फिर जिम जाएंगे .
बिना लाठी के चलने की जताई खुशी
अस्पताल की एक दूसरी फोटो में एक्टर ने मजाक में लिखा कि अब और सूप नहीं पीना पड़ेगा . वहीं एक फोटो पर उन्होंने लिखा कि अब किसी लाठी की जरूरत नहीं पड़ेगी . इससे कुछ दिन पहले भी शरत सक्सेना ने बॉम्बे हॉस्पिटल से अपनी स्टैंडिंग एमआरआई की फोटो शेयर की थी, जब वे अपनी इस लंबर स्पाइन सर्जरी की तैयारी कर रहे थे . इतनी बड़ी सर्जरी के बाद भी उनका यह अंदाज फैंस को बहुत पसंद आ रहा है .
76 की उम्र में भी कायम है फिटनेस
17 अगस्त 1950 को जन्मे शरत सक्सेना अपनी बेहतरीन एक्टिंग के साथ-साथ शानदार फिटनेस के लिए भी जाने जाते हैं . 76 की उम्र में भी वे रोजाना करीब दो घंटे वर्कआउट करते हैं . अपने पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि जब वे जवान थे तब बीस मिनट की एक्सरसाइज में थक जाते थे, लेकिन अब दो घंटे वर्कआउट करने के बाद भी वे काफी फ्रेश महसूस करते हैं .
पांच दशकों का रहा है शानदार करियर
शरत सक्सेना का बॉलीवुड में करियर पांच दशकों से भी ज्यादा का रहा है और वे अब तक 250 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं . उन्होंने मिस्टर इंडिया, त्रिदेव, घायल, खिलाड़ी, गुलाम, गुप्त, फिर हेरा फेरी, बागबान, फना, कृष और बजरंगी भाईजान जैसी बड़ी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया है . हाल ही में उन्हें अजय देवगन की फिल्म सन ऑफ सरदार 2 में भी देखा गया था .
