यूपी में रेलवे के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त को अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने और 15 लाख की डिमांड में एक युवती को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। यह युवती अफसर के परिवार को फोटो भेज रही थी और वायरल करने की धमकी दे रही थी।
यूपी के झांसी में तैनात रेलवे के एक बड़े अफसर को अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने और उनके परिवार से 15 लाख रुपए वसूली की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार से इस दौरान 40 हजार रुपए वसूल भी लिए गए। अफसर की शिकायत के बाद पुलिस ने युवती को मोबाइल से ट्रेस किया और प्रयागराज से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। युवती के पास से लैपटॉप और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह ने बताया कि जितेंद्र कुमार शर्मा झांसी मंडल रेलवे के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (डीएससी) हैं। उनकी पत्नी अंकिता भारद्वाज ने आरोप लगाया था कि कर्नाटक की रहने वाली मरीना लॉजरस उर्फ मरीना उनके पति जितेंद्र और परिजनों को ब्लैकमेल कर रही है। एआई से बनाई गई अश्लील फोटो के जरिए गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकियां दे रही है। व्हाट्सएप कॉल कर उसने 15 लाख रुपये मांगे और न देने पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी।
अफसर की पत्नी की शिकायत पर नवाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया। थाना पुलिस और सर्विलांस टीम युवती की तलाश में लगी तो बुधवार को उसकी लोकेशन प्रयागराज में मिली। इस पर पुलिस की एक टीम प्रयागराज पहुंची और रेलवे स्टेशन से गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद देर शाम जेल भेज दिया गया है।
सात बार रकम की गई ट्रांसफर
पुलिस के अनुसार, अफसर की पत्नी अंकिता भारद्वाज ने शिकायत में बताया कि इस साल जनवरी से जून के बीच मरीना ने करीब 40 हजार रुपए वसूले हैं। मोबाइल फोन के जरिए सात बार पैसा भेजा गया है। 13 जनवरी को पांच हजार, नौ मार्च को 10 हजार, 21 मार्च को सात हजार, 30 मार्च को रुपये तीन हजार, 27 अप्रैल को तीन हजार, आठ मई को दो हजार और बीती पांच जून को 10 हजार रुपये भेजे गए। इसके बावजूद वह 15 लाख रुपये मांग रही थी।
पूरे खेल का पर्दाफाश करने में जुटी पुलिस
हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि पूरे मामले की शुरुआत कब हुई। अंकिता भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मरीना 2 जून को उनके पति के सरकारी घर भी आई थी। वहां उसने हंगामा और गाली-गलौच भी की। इसी दौरान 15 लाख रुपए की डिमांड भी की गई। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू किया।
परिवार की ओर से यह आशंका भी जताई गई है कि मरीना अकेले इस पूरे मामले को अंजाम नहीं दे रही थी। पुलिस अब उसके मोबाइल, लैपटॉप की जांच करेगी। वॉट्सएप चैट, कॉल डिटेल आदि से आरोपों की पुष्टि करेगी। यह पता लगाने की कोशिश होगी कि इस खेल में मरीना अकेली है या कोई उसके साथ है।

