Last Updated:
कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु पर पहुंच गया है, जिससे गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कई गांवों में पानी कमर तक पहुंच गया है और प्रयागराज-बनारस के लिए भी खतरा बरकरार है।
कानपुरः गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से कानपुर के गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. गंगा बैराज पर जलस्तर 114.620 मीटर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है. वहीं शुक्लागंज में गंगा चेतावनी बिंदु 113 मीटर पर पहुंच गई है. पानी बढ़ने की रफ्तार भी लगातार बनी हुई है. हर दो घंटे में करीब एक सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ रहा है. इससे भोपालपुरवा, बनियापुरवा, चैनपुरवा समेत कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.
कमर तक पानी, ग्रामीणों को घर डूबने का डर
बनियापुरवा और भोपालपुरवा में पानी अब गलियों से आगे बढ़कर लोगों के घरों के आसपास पहुंच गया है. ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह पानी कमर तक आ गया है. गंगा का पानी जिस तरह लगातार बढ़ रहा है, उससे लोगों को डर है कि आने वाले घंटों में गांव की सड़कें पूरी तरह डूब सकती हैं. ग्रामीण अपने घरों में रखे राशन, सामान और मवेशियों को लेकर परेशान हैं. गांव के लोगों का कहना है कि अभी हालात संभले हुए हैं, लेकिन पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा. निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों की चिंता सबसे ज्यादा है. कई लोग जरूरी सामान सुरक्षित जगह पर रखने में जुटे हैं.
बैराज से शुक्लागंज तक पानी ही पानी
गंगा बैराज से लेकर शुक्लागंज तक गंगा का फैलाव देखकर ऐसा लग रहा है जैसे चारों तरफ समुद्र हो. गंगा का पानी काफी दूर तक फैला हुआ है और तेज बहाव दिखाई दे रहा है. जलस्तर बढ़ने के साथ आसपास के निचले इलाकों पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है. स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के अधिकारी गांवों में पहुंचकर जायजा ले रहे हैं. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की स्थिति जानी. जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए इंतजाम किए गए हैं.
30 गेट खुले, चार लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा
लोअर गंगा कैनाल के एक्सईएन महेंद्र कुमार ने बताया कि गंगा बैराज से चार लाख क्यूसेक से अधिक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है. बैराज के सभी 30 गेट खोले गए हैं. अगर गंगा का जलस्तर आगे और बढ़ता है तो डिस्चार्ज का दायरा भी बढ़ाया जाएगा. एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने बताया कि बनियापुरवा में जिन स्थानों पर पानी पहुंच गया है, वहां ग्रामीणों की मदद के लिए ट्रैक्टर लगाए गए हैं. अगर जलस्तर और बढ़ता है तो निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा. प्रशासन की टीमें लगातार गांवों की स्थिति पर नजर रख रही हैं.
गंगा बैराज पर तैनात सिंचाई विभाग के गेज रीजर उत्तम पाल ने बताया कि पानी करीब हर दो घंटे में एक सेंटीमीटर बढ़ रहा है. शुक्लागंज में जलस्तर चेतावनी बिंदु तक पहुंच चुका है. ऐसे में आने वाले समय में अगर पानी और बढ़ा तो आसपास के गांवों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
About the Author

Rajnish Kumar Yadav is a digital journalist and content publisher with over seven years of experience in print and digital media. He is currently working with News18 Digital (Local18) as a Content Publisher, wh…
और पढ़ें

