@जे0 के0…..

Sonbhadra । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में आम के पौधे लेकर पहुंचे और वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि जनपद की खनिज संपदा से प्राप्त होने वाली खनन निधि का उपयोग जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि खनन निधि से सोनभद्र में एक तेंदुआ सफारी स्थापित की जाए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं को काम मिल सकेगा।

इसके साथ ही उन्होंने जिले में कृषि वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाते हुए कहा कि इससे किसानों को आधुनिक कृषि एवं वानिकी संबंधी शिक्षा और तकनीक उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र में कृषि आधारित विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी मांग की कि विंध्य पर्वत क्षेत्र को निजी कंपनियों को सौंपने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए।

मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा गया। कार्यक्रम में विंदू खरवार, मुखलाल चेरो, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, राजेश पनिका, संजय बियार, धीरज कनौजिया, अमन पासवान, शंभू हरिजन, नगेंद्र धागर, विकास पटेल, राजू मौर्य, दिनेश यादव, प्रमोद तिर्की, राजू पासवान, सोभावती बिंद, पिंकी बियार, बासमती चेरो समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





