@जे0 के0….
— प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, विण्ढमगंज पुलिस ने 8 घंटे में किया खुलासा

Sonbhadra । विण्ढमगंज थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मात्र आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को ग्राम जोरूखाड़ में 24 वर्षीय रजनीकांत गोंड पुत्र अश्वनी गोंड निवासी पतरिया का शव बरामद हुआ था। घटनास्थल के पास उसकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना विण्ढमगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसी दिन रात 8:29 बजे टहानिया खोली स्थित एक खाली मकान के पास से आरोपी दिनेश पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम केवाल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और मृतक के बीच प्रेम-प्रसंग होने की जानकारी मिली थी, जिससे वह रंजिश रखता था। इसी कारण उसने रजनीकांत को बहाने से जंगल की ओर ले जाकर चापड़ से उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद उसने मोबाइल फोन, हथियार और अपने कपड़े झाड़ियों में छिपा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





