Last Updated:
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित अहरौरा के भगौतीदेई गांव में एक क्रशर प्लांट पर भीषण हादसा हो गया. दोपहर के वक्त प्लांट पर बना एक कमरा अचानक भरभराकर ढह गया. इस मलबे में दबकर सोनभद्र के रहने वाले चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का गंभीर संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. दूसरी महोबा में भी क्रशर प्लांट में हादसे में एक 32 साल के मजदूर की मौत हो गई है.
मिर्जापुर में क्रशर प्लांट हादसे पर बात करते हुए डीएम.
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के अहरौरा में भगौतीदेई गांव में स्थित एक क्रशर प्लांट पर बड़ा हादसा हो गया. दोपहर के वक्त प्लांट परिसर में बना एक कमरा अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया. इस मलबे के नीचे दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई है. खास बात यह है कि ये सभी मृतक पड़ोसी जिले सोनभद्र के रहने वाले थे, जो यहां क्रशर प्लांट पर मजदूरी का काम कर रहे थे. दूसरी ओर महोबा में भी एक क्रशर प्लांट हादसे में एक 32 साल के मजदूर की मौत हो गई है.
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी (DM) ने मीडिया को पूरी जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच हुआ. ढहा हुआ कमरा एक ढलान और मिट्टी के टीले की किनारे पर बना हुआ था, जिसकी फाउंडेशन बारिश या अन्य कारणों से ढीली हो गई थी. कमरे के अंदर कुछ श्रमिक बैठे हुए थे, तभी अचानक पीछे की तरफ से यह कमरा नीचे की ओर धंस गया और मलबे की चपेट में आने से चार मजदूर गंभीर रूप से दब गए. घटना के तुरंत बाद प्रशासनिक टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही चारों की मौत हो चुकी थी.
सीएम योगी का एक्शन
इस हृदयविदारक घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम योगी ने हादसे का कड़ा संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में पूरी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि वे पीड़ित परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता और मुआवजा जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं.
जांच चल रही है
प्रशासन अब इस बात की गहराई से जांच कर रहा है कि क्या इस प्लांट के निर्माण या संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी. डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में क्रशर प्लांट संचालक या किसी अन्य पक्ष की कोई लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें प्लांट के मलबे की पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर रही हैं ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का सटीक पता लगाया जा सके. इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
क्रशर प्लांट पर काम करने वाले 32 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम काली पहाड़ी स्थित बाबा विश्वनाथ क्रेशर प्लांट पर मजदूरी का कार्य करने वाले 32 वर्षीय राजेश कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से उसके परिवार में भारी कोहराम मच गया है. तबीयत बिगड़ने या हादसे की सूचना पर परिजन व स्थानीय लोग उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही महोबा कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया है, और पुलिस मामले की प्रत्येक पहलू से गहनता से जांच कर रही है. (महोबा से मनोज ओझा की रिपोर्ट)
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
