संवाददाता@विशाल टंडन….

रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित राम जानकी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस रविवार प्रातः भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत मंदिर परिसर में कलश पूजन से हुई, जिसके बाद महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने मंदिर स्थित रामकूप से पवित्र जल भरकर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में सैकड़ों माताएं, बहनें और पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने सिर पर ठाकुर जी महाराज एवं श्रीमद्भागवत महापुराण को धारण कर नगर भ्रमण किया और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धा भाव से झूमते नजर आए।कलश यात्रा राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर पुलिस चौकी, संकटमोचन मंदिर, साईं मंदिर, शीतला माता मंदिर एवं मुख्य चौक होते हुए पुनः राम जानकी मंदिर पहुंची। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत महापुराण एवं ठाकुर जी की आरती की गई, जिसके बाद प्रथम दिवस के कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम के व्यवस्थापक महेंद्र प्रसाद शुक्ल ने बताया कि 7 जून तक प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का रसपान वृंदावन धाम से पधारे आचार्य मनोहर कृष्ण जी के मुखारविंद से कराया जाएगा। साथ ही 8 जून को विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर आचार्य मनोहर कृष्ण, महेंद्र प्रसाद शुक्ल, विनोद कुमार शुक्ल, महेश शुक्ल, कौशलेश पाठक, मंदिर प्रबंधक आशुतोष पाठक, रामानंद पाण्डेय, अजीत शुक्ला, संतोष चौबे, विनय पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





