संवाददाता@विशाल टंडन…..

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप मंगलवार 19 मई को प्रदेशभर के विद्यालयों में “स्वच्छता मेरा धर्म” अभियान चलाया गया। शिक्षक संगठनों के आह्वान पर विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य यह बताना रहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और अनुशासन की पाठशाला भी है।
शिक्षक संगठनों के प्रांतीय पदाधिकारियों ने मंडल, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से अपील की थी कि सभी विद्यालयों में छात्र-शिक्षक मिलकर स्वच्छता अभियान चलाएं। उनका कहना था कि विद्यालय शिक्षक और शिक्षार्थियों का साझा घर है तथा उसकी सफाई करना अच्छी आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा है। सफाई को अपराध मानकर शिक्षकों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। इसी क्रम में विकास खंड नगवां के प्राथमिक विद्यालय धोबी में शिक्षक संजीव सिंह ने विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की।

बच्चों ने उत्साहपूर्वक झाड़ू लगाकर परिसर को स्वच्छ बनाया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान छात्रों को स्वच्छ वातावरण, स्वास्थ्य और अनुशासन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। अभियान के माध्यम से समाज में यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वच्छता केवल एक कार्य नहीं, बल्कि संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी है।