@जे0 के0……

Sonbhadra । पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट स्थित गांधी मैदान के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि एरिया बंटवारे के बावजूद दूसरे गुट द्वारा बधाई लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते कहासुनी से बढ़कर हंगामे में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो कुछ ही देर में खुलेआम हंगामे में बदल गई। एक गुट जहां वाहनों पर चढ़कर जोरदार प्रदर्शन करता रहा, वहीं दूसरा गुट पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाता रहा। बीच बाजार हुए इस बवाल के कारण आसपास के दुकानदार और आम लोग दहशत में आ गए।

घटना के दौरान बाजार में मौजूद महिलाएं और बच्चे खासे परेशान दिखे। करीब घंटों तक चले इस हंगामे के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया। इसके बाद दोनों गुटों को चौकी ले जाया गया, जहां आपसी समझौता कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न करने की सख्त चेतावनी भी दी है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।