@जे0 के0…..
— आभूषण, पीतल के बर्तन व नकदी बरामद, फरार साथी की तलाश तेज

Sonbhadra । थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से महिलाओं के आभूषण, पीतल के बर्तन तथा नकद धनराशि बरामद की है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम 4 मई को गश्त व वांछित अभियुक्तों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के मामले में नामजद आरोपी प्रिन्स त्रिपाठी उर्फ राजा त्रिपाठी अपने साथियों के साथ ग्राम बहुआर स्थित तालाब के पास चोरी के माल का बंटवारा कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पायल, बिछिया सहित नकदी बरामद हुई। उनकी निशानदेही पर नहर पुलिया के पास छिपाकर रखे गए पीतल के बर्तन भी बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी श्वेत पाठक के साथ मिलकर वादी बिजेश्वर तिवारी के घर में रात के समय घुसकर चोरी की थी। चोरी का सामान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था और उसे बेचने के उद्देश्य से सभी इकट्ठा हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। फरार आरोपी श्वेत पाठक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शाहिद खान, हेड कांस्टेबल हेमंत बारी, कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार और देवेन्द्र कुमार शामिल रहे। जनपद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और संगठित गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।