@जे0 के0……

SONBHADRA। माची थाना क्षेत्र के बांकी गांव में रविवार की भोर एक नवयुवक गंभीर रूप से घायल और रक्तरंजित हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान बताए जा रहे हैं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बांकी गांव निवासी मुरारी यादव (22) पुत्र अशोक यादव शनिवार शाम करीब चार-पांच साथियों के साथ गांव के पश्चिम दिशा में गया था। बताया जा रहा है कि वहां सभी ने शराब का सेवन किया। रात करीब दस बजे सभी लोग गांव लौट आए और अपने-अपने घर चले गए। इस दौरान सुबोध खरवार पुत्र सीमन मुरारी के साथ रह गया।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर दोनों रुके थे, वहां से सुबोध का घर करीब ढाई किलोमीटर दूर है। इसके बाद दोनों के साथ क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
रविवार सुबह गांव का एक व्यक्ति शौच के लिए उधर गया तो उसने युवक को रक्तरंजित हालत में पड़ा देखा। युवक की हालत देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक पर हमला किसने और किन परिस्थितियों में किया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के दौरान साथ रहे सुबोध खरवार की भूमिका को लेकर भी पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस जांच और घायल युवक के बयान के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

